नई दिल्ली : अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें लगातार बढ़त पर हैं। क्रूड ऑयल की कीमत करीब 105 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गई है, जिससे वैश्विक स्तर पर ऊर्जा महंगी होने की चिंता बढ़ गई है। हालांकि, आम लोगों के लिए राहत की खबर यह है कि भारतीय तेल कंपनियों ने 18 मई को घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में कोई बदलाव नहीं किया। राजधानी दिल्ली में 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत अब भी 913 रुपये बनी हुई है। महंगाई के दबाव के बीच यह फैसला मध्यमवर्गीय परिवारों को कुछ राहत देने वाला माना जा रहा है।
कमर्शियल सिलेंडर ने बढ़ाई कारोबारियों की मुश्किल
जहां घरेलू सिलेंडर के दाम स्थिर हैं, वहीं दूसरी तरफ कमर्शियल LPG सिलेंडर लगातार महंगा होता जा रहा है। 19 किलो वाले व्यावसायिक गैस सिलेंडर की कीमत देश के कई शहरों में 3,000 रुपये के आंकड़े को पार कर चुकी है। मई महीने की शुरुआत में इसमें करीब 993 रुपये की बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। इस तेज उछाल का सीधा असर छोटे व्यापारियों, ढाबों, होटल और रेस्टोरेंट कारोबार पर पड़ रहा है। कारोबारियों का कहना है कि गैस की लागत बढ़ने से खाने-पीने की चीजों के दाम भी प्रभावित हो सकते हैं।
5 किलो वाला छोटू सिलेंडर भी जेब पर भारी
घरेलू गैस सिलेंडर के दाम भले स्थिर बने हुए हों, लेकिन छोटे आकार वाले 5 किलो FTL सिलेंडर की कीमतों में हाल के दिनों में भारी इजाफा देखने को मिला है। दिल्ली-NCR में इसकी कीमत 549 रुपये से बढ़कर सीधे 810.50 रुपये तक पहुंच गई है। इस बढ़ोतरी ने खासतौर पर प्रवासी मजदूरों, छोटे परिवारों और बाहर रहकर पढ़ाई करने वाले छात्रों की चिंता बढ़ा दी है। सीमित बजट में रहने वाले लोगों के लिए छोटा सिलेंडर एक सस्ता विकल्प माना जाता था, लेकिन अब इसकी बढ़ी कीमत जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
क्या आने वाले दिनों में फिर बढ़ेंगे दाम?
विशेषज्ञों का मानना है कि पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अब वैश्विक तेल और गैस सप्लाई पर साफ दिखाई देने लगा है। सप्लाई चेन प्रभावित होने से कच्चे तेल की कीमतें लगातार ऊंचे स्तर पर बनी हुई हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी लोगों से ईंधन की बचत करने और विदेशी मुद्रा खर्च कम करने की अपील की थी।
LPG सिलेंडर के दाम बढ़ सकते
इसके बाद बाजार में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों में जल्द राहत नहीं मिली, तो जून में होने वाली अगली समीक्षा के दौरान घरेलू LPG सिलेंडर के दाम 40 से 50 रुपये तक बढ़ सकते हैं। यदि ऐसा होता है तो आने वाले समय में आम लोगों की रसोई का बजट फिर से बिगड़ सकता है और महंगाई का असर सीधे घरेलू खर्चों पर दिखाई देगा।
